रायपुर के मंदिर हसौद में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। आज सुबह नेशनल हाईवे 53 पर मंदिरहसौद टोलनाका के पास जिंदल स्टील चौक पर दो कारों में जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे में एक ही कार में सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक युवक रिम्स मेडिकल कॉलेज के स्टूंडेंट्स बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, आज सुबह नागपुर-कोलकाता मार्ग नेशनल हाईवे 53 में मंदिर हसौद टोलनाका के पास दो कारों में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के बताया कि हुंडई क्रेटा GJ 09 BF 3996 में कुल चार युवक सवार थे और रायपुर से मंदिरहसौद की तरफ जा रहे थे।
वहीं दूसरी सुजुकी कार CG 17 KU 4250 में तीन युवक सवार थे और मंदिर हसौद से रायपुर की तरफ जा रहे थे। जिंदल स्टील चौक के पास तेज रफ्तार क्रेटा कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर को पार करते हुए सड़क के दूसरी तरफ सुजुकी कार को जबरदस्त टक्कर मार दी।
घटना इतनी जबरदस्त थी कि क्रेटा कार हवा में उछलकर पलट गई और उसमें सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। एक मृतक का शव कार में बुरी तरह से फंस गया था, जिसे कड़ी मशक्कत के बाद मंदिरहसौद पुलिस ने टोलनाका के कर्मचारियों के सहयोग से निकाला गया।
इस घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल है। जिन्हे टोल नाका के कर्मचारियों की मदद से रायपुर मेकाहारा में भर्ती किया गया है। हादसे में जान गवाने वाले दोनों युवक रिम्स के स्टूडेंट्स बताए जा रहे हैं, जो मेडिकल की पढ़ाई कर रहे थे। फिलहाल, मंदिरहसौद पुलिस पंचनामा कार्रवाई कर जांच में जुट गई है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Nav Nirman News Latest & Breaking News Updates In Hindi