ट्रैवल और लाइफस्टाइल इंफ्लूएंसर अन्वी कामदार ने दुनिया को अलविदा कह दिया है। मॉनसून के दौरान पिकनिक स्पॉट पर रील बनाना अन्वी की जान पर भारी पड़ गया। 27 वर्षीय सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर अन्वी कामदार की 300 फीट गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। अन्वी कामदार रील स्टार होने के साथ-साथ एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) भी थीं। यह हादसा मुंबई के करीब रायगढ़ जिले के कुंभे झरने के पास हुआ।
मानगांव पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया स्टार अन्वी कामदार मंगलवार सुबह अपने सात दोस्तों के साथ कुंभे वॉटरफॉल घूमने आई थी। वीडियो बनाते समय अन्वी का पैर फिसल गया और वह कुंभे झरने के पास 300 फुट गहरी खाई में गिर गईं।
अन्वी के गिरने की सूचना मिलते ही मानगांव पुलिस थाने की टीम मौके पर पहुंची। दोपहर करीब 12.30 बजे रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हुआ। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 15 मिनट में ही बचाव दल अन्वी तक पहुंच गया। शुरू में बचाव दल को लगा कि अन्वी की जान जा चुकी है।
बचाव दल ने जब अन्वी की सांसें जांचीं तो वह जीवित पाई गई। आवाज देने पर अन्वी धीमी आवाज में प्रतिक्रिया भी दे रही थी। इसके तुरंत बाद अन्वी को स्ट्रेचर पर बांध कर बचाव दल ने खाई से निकाला। अन्वी को 120 मीटर तक हाथ से उठाना पड़ा।
इसके बाद रस्सी की मदद से उन्हें स्ट्रेचर पर 200 से 250 फीट ऊंची चट्टान से ऊपर लाया गया। अन्वी को तत्काल मानगांव तालुक के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मुंबई के मुलुंड की निवासी अन्वी कामदार के इंस्टाग्राम पर 2 लाख 53 हजार फॉलोअर्स हैं. सोशल मीडिया पर उनकी रील्स खूब वायरल होती थीं।
इससे पहले भूशी बांध में पांच लोग डूब गये थे। इसी बीच तम्हिनी घाट में झरने में कूदे एक पर्यटक को अपनी जान गंवानी पड़ी थी। इन हादसों के चलते पुलिस और प्रशासन ने लोगों से बारिश में खतरनाक जगहों पर न जाने और सेल्फी न लेने की अपील की है।
Nav Nirman News Latest & Breaking News Updates In Hindi