कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में एक नाबालिग छात्रा की हत्या का मामला सामने आया है। हाई स्कूल बम्हनी की कक्षा 10वीं की छात्रा को स्कूल से घर जाते समय एक युवक ने डंडे से हमला कर दिया, जिससे घायल छात्रा की मौत हो गई। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला बाजार चारभाटा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, घटना 13 अगस्त की शाम 5 बजे की है, जब हाई स्कूल बम्हनी की 15 वर्षीय कक्षा 10वीं की छात्रा स्कूल की छुट्टी के बाद अपनी सहेलियों के साथ घर लौट रही थी। इसी दौरान बम्हनी निवासी विक्की कौशिक उर्फ जग्गू (उम्र 19 वर्ष) ने उसे ‘झिटी’ (पतली दुबली लड़की) कहकर अपमानित किया तो छात्रा ने उसे ऐसा कहने से मना किया। जिसके बाद विक्की ने पास में पड़े लकड़ी के डंडे से उसके सिर पर हमला कर दिया। इस हमले में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसे परिजनों ने रूपजीवन हॉस्पिटल में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान नाबालिग छात्रा की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी विक्की कौशिक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने धारा 103(1) बीएनएस हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।
Nav Nirman News Latest & Breaking News Updates In Hindi