कोरबा
हसदेव नदी में नहाते समय महिला के पास खेल रहा उसका 10 माह का बच्चा रेंगते हुए पानी के पास पहुंचा और डूब गया। उसे बचाने के दौरान मां भी तेज बहाव में बहने लगी। पास मौजूद चरवाहों ने महिला को बचा लिया। पर बच्चा नहीं मिला।
हादसा बांगो थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत पाथाकछार गांव के पास हसदेव नदी के सिरकी घाट पर हुआ। जहां 25 वर्षीय सुनीता अपने 10 माह के पुत्र दुष्यंत को लेकर नहाने के लिए पहुंची थी। महिला नदी में उतरकर नहा रही थी। वहीं उसका पुत्र नदी के किनारे खेल रहा था। इस दौरान बच्चा रेंगते हुए नदी की ओर चला गया।
वह जब पानी में डूबा, तब महिला की नजर पड़ी। वह उसे बचाने तेज बहाव के बीच मौके पर खोजबीन करने लगी। बच्चे के नहीं मिलने पर वह मूर्छित होकर नदी में बहने लगी। इस दौरान नदी के किनारे चरवाहों की नजर पड़ी तो उन्होंने नदी में कूदकर महिला को निकाला।
उसके पेट में जा चुके पानी को बाहर निकाला तो उसे होश आया। उठने पर वह बच्चे के बारे में पूछने लगी। किसी तरह से उसे शांत कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम गोताखोरों को लेकर मौके पर पहुंची, जहां बांगो बांध से पानी का बहाव कम कराकर नदी में लापता हुए बच्चे की खोजबीन की जा रही है।
नगर सेवा के रेस्क्यू टीम के प्रभारी पीबी सिद्धार्थ ने बताया कि घटना की सूचना मिलते हैं टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कार्य शुरू किया। बांगो डैम के कुछ ही दूरी पर घटना स्थल है। जहां गांव से लगा हुआ हैय़ बांगो डेम से गेट खुले गए हैं। जिसके चलते पानी का तेज बहाव होने के कारण बच्चा काफी आगे बढ़ जाने की संभावना जताई जा रही है फिर भी घटना स्थल से लेकर दर्री डेम तक लगभग 18 किलोमीटर तक वोट के माध्यम से तलाश की गई। लेकिन बच्चे का पता नहीं चल सका। संभावना जताई जा रही है कि जलकुंभी या फिर पानी में बहने के कारण आगे बढ़ गया होगा। तलाश जारी है।
Nav Nirman News Latest & Breaking News Updates In Hindi