नई दिल्ली । दिल्ली में पेट्रोल पंप पर लगने वाले एआई कैमरे पीयूसी प्रमाणपत्रों की जांच के साथ साथ पुराने वाहनों की भी जांच करेंगे। कैमरे ऐसे वाहनों को भी पकड़ेंगे दिल्ली के लिहाज से जिनकी उम्र पूरी हो चुकी है। दिल्ली में डीजल के 10 साल और पेट्रोल के 15 साल पुराने वाहनों को चलाने पर पाबंदी है। आने वाले ठंड के मौसम से पहले इन वाहनों के चलने पर सख्ती से रोक लगाने के लिए दिल्ली सरकार के परिवहन विभाग ने सीएक्यूएम (वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग) के सामने एक प्रस्ताव पेश किया है। उम्र पूरी कर चुके ऐसे वाहनों को तुरंत जब्त करके स्क्रैपिंग के लिए भेजने का प्रविधान है। देखने में आ रहा है कि पाबंदी के बावजूद अभी भी उम्र पूरी कर चुके ऐसे कई वाहन पेट्रोल पंपों और सीएनजी स्टेशनों पर ईंधन लेने के लिए पहुंच रहे हैं। ये वाहन दिल्ली में प्रदूषण का भी एक बड़ा कारण माने जा रहे हैं। इसके तहत दिल्ली के पेट्रोल पंपों पर एआई आधारित ऑटोमेटेड एंड ऑफ लाइफ वीकल डिटेक्शन सिस्टम लगाया जाएगा। जिसकी मदद से ऐसे वाहनों को पेट्रोल पंप पर पहुंचते ही तुरंत पहचान लिया जाएगा।
Nav Nirman News Latest & Breaking News Updates In Hindi