भोपाल । अगले 2-3 दिन में पूरे मप्र से मानसून लौट जाएगा। बंगाल की खाड़ी से एक्टिव हुआ लो प्रेशर एरिया (निम्न दाब क्षेत्र) कमजोर होने से ऐसा होगा। इसकी वजह से पूर्वी हिस्से यानी, जबलपुर, शहडोल, रीवा और सागर संभाग में कहीं-कहीं बूंदाबांदी और बादल की स्थिति थी। रविवार को सतना में आधा इंच से ज्यादा पानी गिर गया, जबकि खजुराहो में बूंदाबांदी हुई। पिछले 2 साल से नवरात्रि और दशहरे पर बारिश हो रही है, लेकिन इस पर ऐसा होने का अनुमान नहीं है। 10 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश से मानसून लौटने का अनुमान है। अभी तक आधे से ज्यादा हिस्से से मानसून लौट चुका है।
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में बंगाल की खाड़ी में उत्तरी गांगेय क्षेत्र और उससे लगे पश्चिम बंगाल पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। झारखंड से लेकर मणिपुर तक एक द्रोणिका बनी हुई है, जो उत्तरी गांगेय क्षेत्र एवं उससे लगे पश्चिम बंगाल पर बने चक्रवात से होकर जा रही है। पाकिस्तान के आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। इसके अतिरिक्त राजस्थान एवं उससे लगे मध्य प्रदेश पर एक प्रति चक्रवात बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, 20 अक्टूबर तक प्रदेश में ठंडक बढऩे का अनुमान है। रात में पारा 20 डिग्री के नीचे पहुंच सकता है। हालांकि, दिन में तापमान 33-34 डिग्री के बीच ही रहेगा। अक्टूबर के आखिरी में दिन के तापमान में भी गिरावट होने लगेगी।
Nav Nirman News Latest & Breaking News Updates In Hindi