न्यूयॉर्क में एक युवक ने ट्रेन की बोगी महिला को जिंदा जला दिया। महिला जब तक मर नहीं गई, तब तक आरोपी उसे खड़ा देखता रहा। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। न्यूयॉर्क पुलिस विभाग की आयुक्त जेसिका टिश ने इसे सबसे घृणित अपराध माना।
पुलिस ने बताया कि रविवार सुबह ब्रुकलिन के स्टिलवेल एवेन्यू में एफ ट्रेन में युवक और पीड़िता सवार हुए। जैसे ही ट्रेन स्टेशन पर रुकी तो युवक महिला के पास गया और लाइटर से उसके कपड़ों में आग लगा दी। इसके कुछ ही सेकेंड में महिला जलने लगी। जब तक वह मर नहीं गई आरोपी उसे खड़ा देखता रहा। स्टेशन की ऊपरी मंजिल पर गश्त कर रहे अधिकारियों ने धुआं उठता देखा तो वे मौके पर पहुंचे। यहां पर एक युवक ट्रेन के डिब्बे में खड़ा था। वहीं महिला आग की लपटों में घिरी हुई थी।
अधिकारियों ने तत्काल अग्निशमन यंत्र का उपयोग करके आग बुझाई। मगर तब तक महिला पूरी तरह से जल चुकी थी और उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक एक संदिग्ध घटनास्थल पर मिला। वह ट्रेन के बाहर प्लेटफार्म की एक बेंच पर बैठा था। इसके बाद पुलिस ने बॉडी वार्न कैमरों की मदद से संदिग्ध के बारे में विस्तृत जानकारी मांगी।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि जब आरोपी की तस्वीरें वायरल हुईं तो तीन लोगों ने पुलिस को फोन करके बताया कि वे आरोपी को पहचानते हैं। इसके बाद पुलिस ने एक दूसरी ट्रेन से युवक को पकड़ा और उसकी जेब से लाइटर बरामद हुआ। मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। महिला के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
वहीं न्यूयॉर्क के मेयर एरिक एडम्स ने संदिग्ध के बारे में पुलिस को जानकारी देने वाले लोगों की प्रशंसा की। उन्होंने एक्स पर लिखा कि ऐसे घृणित व्यवहार का हमारे समाज में कोई स्थान नहीं है। हम हिंसक अपराधों के सभी पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मेरी प्रार्थना पीड़ित परिवार के साथ है।
Nav Nirman News Latest & Breaking News Updates In Hindi