भोपाल: भोपाल रेलवे स्टेशन पर आज दोपहर एक गंभीर लेकिन सराहनीय घटना हुई। प्लेटफार्म नंबर 01 पर कैटरिंग इंस्पेक्टर श्रीमती मेघा नागदेवे और रेलवे वेंडर श्री ज्ञान सिंह ने अपनी सतर्कता और साहस से एक महिला की जान बचाई।
आज दोपहर 2:40 बजे, जब शताब्दी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12002) प्लेटफार्म नंबर 01 पर प्रवेश कर रही थी, तभी एक 52 वर्षीय महिला ने पारिवारिक तनाव के कारण ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए, कैटरिंग इंस्पेक्टर और वेंडर ने तुरंत हरकत में आते हुए महिला को पटरी से खींचकर सुरक्षित किया।
घटना के बाद, कैटरिंग इंस्पेक्टर ने महिला को ड्यूटी रूम में ले जाकर मानसिक संबल दिया और रिफ्रेशमेंट उपलब्ध कराया। साथ ही, उन्होंने रेलवे सुरक्षा बल (जीआरपी) और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। महिला को आगे की जांच और सहायता के लिए जीआरपी के सुपुर्द किया गया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ कटारिया ने बताया कि कर्मचारियों की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से न केवल एक अनमोल जीवन बचाया गया बल्कि एक बड़ी दुर्घटना को भी टाल दिया गया। भोपाल रेल प्रशासन अपनी यात्री सुरक्षा और सेवा के प्रति सदैव प्रतिबद्ध है।
Nav Nirman News Latest & Breaking News Updates In Hindi