रायपुर।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ प्रदेश के श्रद्धालुओं को प्रयागराज महाकुंभ स्नान के लिए विशेष ट्रेन की सुविधा देने के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रायपुर मंडल के डीआरएम को पत्र लिखा है. सांसद अग्रवाल के मुताबिक, उनके लोकसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु महाकुंभ स्नान के लिए प्रयागराज जाना चाहते हैं, लेकिन वर्तमान में उपलब्ध ट्रेनों की संख्या सीमित होने के कारण यात्रियों को लंबी प्रतीक्षा सूची और असुविधा का सामना करना पड़ रहा है.
सांसद बृजमोहन ने मांग की है कि रायपुर अथवा दुर्ग से प्रयागराज तक महाकुंभ अवधि के लिए विशेष ट्रेन आरंभ की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को इस पवित्र स्नान का अवसर सहजता से प्राप्त हो सके. उन्होंने रेल मंत्री और डीआरएम से अनुरोध किया है कि श्रद्धालुओं की इस आवश्यकता को प्राथमिकता देते हुए जल्द से जल्द उचित कदम उठाए जाए.
सांसद अग्रवाल ने कहा कि महाकुंभ भारतीय संस्कृति और परंपरा का एक अनूठा पर्व है, जिसमें देश के कोने-कोने से लोग श्रद्धा और आस्था के साथ शामिल होते हैं. छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं को इस धार्मिक आयोजन में भाग लेने में कोई बाधा न हो, इसके लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा.
Nav Nirman News Latest & Breaking News Updates In Hindi