इंदौर: मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी एक सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। एक ट्रक ने उनकी फॉर्च्यूनर कार को जोरदार टक्कर मार दी। गनीमत रही कि हादसे में सिर्फ कार को नुकसान पहुंचा है, कोई घायल नहीं हुआ। यह हादसा इंदौर से भोपाल आते समय हुआ।
जानकारी के मुताबिक, इंदौर से भोपाल आते समय जब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की फॉर्च्यूनर फंदा टोल टैक्स के पास पहुंची तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसमें पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि फॉर्च्यूनर पीछे से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के वक्त जीतू पटवारी आगे की सीट पर बैठे थे, इसलिए वे हादसे में सुरक्षित बच गए।
एमपी कांग्रेस ने अब अपने प्रदेश अध्यक्ष के लिए भाजपा सरकार से सुरक्षा की मांग की है। मध्य प्रदेश कांग्रेस इकाई ने सोशल मीडिया पर लिखा, इंदौर-भोपाल पर फंदा टोल के पास कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की गाड़ी को ट्रक ने टक्कर मार दी। प्रदेश अध्यक्ष और उनका स्टाफ सुरक्षित है। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी पहले ही भाजपा सरकार से पीसीसी चीफ की सुरक्षा की मांग कर चुकी है। हम इस ओर फिर से सरकार का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं।
Nav Nirman News Latest & Breaking News Updates In Hindi