बिलासपुर
छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में पूर्व कांग्रेस पार्षद काशी रात्रे पर दुष्कर्म, ठगी और जबरन गर्भपात का आरोप लगा है. आरोप है कि पूर्व कांग्रेस पार्षद काशी रात्रे ने पीड़िता को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान दिलाने का झांसा देकर भरोसा जीता और नजदीकियां बढ़ाईं. इसके बाद उसने कई बार महिला के साथ दुष्कर्म किया और अलग-अलग किश्तों में 50 हजार रुपये भी वसूल लिए.
महिला का आरोप है कि जब वह गर्भवती हो गई, तो आरोपी ने उसे गर्भपात की दवा खिलाकर जबरन उसका गर्भपात करा दिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई. इस दौरान आरोपी ने उसे डराकर चुप रहने का दबाव बनाया और लंबे समय तक मानसिक प्रताड़ना दी. इन सबसे परेशान महिला ने सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर काशी रात्रे के खिलाफ दुष्कर्म और जबरन गर्भपात की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है.
शिकायत मिलते ही आरोपी फरार हो गया, जिसके बाद सिरगिट्टी पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
Nav Nirman News Latest & Breaking News Updates In Hindi