नई दिल्ली,
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे और बस्तर क्षेत्र में नक्सली उन्मूलन, सुरक्षा व्यवस्था की मजबूती तथा समग्र विकास के साथ-साथ बस्तर को देश का अगला प्रमुख पर्यटन डेस्टिनेशन बनाने के संबंध में चर्चा करेंगे। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार साय नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात सुरक्षा बलों के लिए अत्याधुनिक तकनीकी संसाधनों और इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की दिशा में केंद्र से सहयोग को लेकर बातचीत करेंगे।
बैठक में 'नियाद नेलानार योजना' को भी प्रमुखता से रखा जाएगा जिसका उद्देश्य आदिवासी समुदायों को आत्मनिर्भर बनाना और महिला समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त करना है। मुख्यमंत्री इस योजना को केंद्र की मदद से और अधिक प्रभावी एवं व्यापक रूप में लागू करने की दिशा में पहल करेंगे। मुख्यमंत्री बस्तर को एक उभरते हुए ईको-टूरिज्म और सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना को भी बैठक में विस्तार से रखेंगे। बस्तर की प्रकृति, जनजातीय संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से साहसिक पर्यटन, होम-स्टे मॉडल और पारंपरिक मेलों को प्रमोट करने की रणनीति भी इस बैठक का हिस्सा रहेगी।
Nav Nirman News Latest & Breaking News Updates In Hindi