जगदलपुर
दंतेवाड़ा जिले में स्थापित विज्ञान केंद्र में बच्चों को मिल रही अच्छी जानकारी का आज पीएम मोदी ने मन की बात में जिक्र किया है। बता दें कि दंतेवाड़ा में स्थापित साइंस सेंटर एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसे स्कूल के बच्चों को विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में प्रेरित करने के उद्देश्य से बनाया गया है। इस साइंस सेंटर का निर्माण जिला परिषद की मदद से जिला कलेक्टर के नेतृत्व में किया गया है, जिसका उद्देश्य शिक्षा को और भी आकर्षक और प्रयोगात्मक बनाना है।
इस साइंस सेंटर में अलग-अलग थीम वाले कमरे बनाए गए हैं, जो बच्चों को विभिन्न विषयों को गहराई से समझने में मदद करेंगे। ये कक्ष उनके अनुभवात्मक ज्ञान को बढ़ाने के लिए डिजाइन किए गए हैं।
इस विज्ञान केंद्र की विशेषताएं
1. इंडस्ट्री रूम – यहां बच्चे औद्योगिक विकास की समयरेखा के माध्यम से उद्योगों के विकास को समझ सकते हैं। इसमें एक 3D प्रिंटिंग जोन भी होगा, जहां अलग-अलग प्रकार के तीन 3D प्रिंटर होंगे। साथ ही, डॉग रोबोट, ह्यूमनॉइड रोबोट, स्पाइडर रोबोट, राइटिंग रोबोट और पाथ-गाइडेड इंडस्ट्री रोबोट्स भी प्रदर्शित किए जाएंगे।
2. फिजिक्स रूम – इस कमरे में बच्चे भौतिकी के मूल सिद्धांतों को हैंड्स-ऑन प्रयोगों के माध्यम से सीख सकेंगे।
3. इमर्सिव रूम – यह एक 360° डिजिटल स्पेस होगा, जहां बच्चे वर्चुअल दुनिया का अनुभव ले सकेंगे।
4. मिनीवर्ल्ड रूम – इसमें एक 8×4 फीट का HO स्केल ट्रेन मिनिएचर सेट होगा, जिसमें गांव और शहर दोनों के दृश्य दर्शाए जाएंगे।
5. हार्वेस्ट हब (फार्मिंग जोन) – इसमें विभिन्न कृषि तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा, जो किसानों और विद्यार्थियों के लिए उपयोगी होगा।
रोबो एरीना – रोबोट युद्ध का अनोखा अनुभव
यहां एक रोबो एरीना तैयार किया जा रहा है, जहां बच्चे अपने रोबोट बनाकर उनका रोबो वॉर करवा सकेंगे। यह एक रोमांचक और शैक्षिक गतिविधि होगी, जो बच्चों को रोबोटिक्स और ऑटोमेशन की दुनिया से परिचित कराएगी। इस परियोजना का कार्य हिडन लैम्प प्राइवेट लिमिटेड को सौंपा गया है, जो इसे एक आधुनिक और इंटरैक्टिव विज्ञान केंद्र बनाने के लिए कार्य कर रही है।
यह साइंस सेंटर दंतेवाड़ा के बच्चों के लिए एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक केंद्र बनेगा, जो उन्हें विज्ञान और तकनीक में रुचि बढ़ाने और नई तकनीकों से परिचित कराने में मदद करेगा।
Nav Nirman News Latest & Breaking News Updates In Hindi