रायपुर
वनमंत्री केदार कश्यप ने नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत मांदलापाल, कुंगारपाल, बाकेल, भानपुरी में आंगनबाडी केंद्र, सांस्कृतिक मंच, चबूतरा, सीसी सड़क निर्माण, विभिन्न स्थानों पर हाई मास्क लाइट की व्यवस्था जैसे करोड़ों के विकास कार्यों का भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को 1 करोड़ 18 लाख रूपये के विकास कार्यों की सौगात दी है।
मंत्री कश्यप ने कहा कि हमारे बस्तर संभाग के विकास के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सरकार सहित केंद्र की मोदी सरकार भी बस्तरवासियों के साथ है। हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सरकार के विकास कार्यों और नियद नेल्लानार जैसे योजनाओं के क्रियान्वयन से बस्तर नक्सल मुक्त क्षेत्र की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि हमारा सपना अब साकार होने लगा है। हमारी सरकार की नियद नेल्लानार योजना ने बस्तर के उन क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं और आवश्यकताओं को पूर्ण करने का कार्य किया है जहां आजादी के 70 साल बाद भी पूर्ववर्ती सरकार पहुंच नहीं पायी। वनमंत्री ने कहा कि हमारा बस्तर अब हर दिशा में तेज गति से आगे बढ़ रहा है।
सभा को संबोधित करते हुए मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में हमारी सरकार बस्तर ही नहीं पूरे प्रदेश के तेन्दूपत्ता संग्राहकों को ख़ुशी प्रदान कर रही है। हमारी सरकार ने तेन्दूपत्ता का मूल्य बढ़ा कर हर एक पत्ता खरीदने का वादा किया था उसे हम पूरा कर रहे हैं। तेन्दूपत्ता सहित अन्य लघु वनोपज के खरीदी-बिक्री से भी जनजाति जीवन में बदलाव आज बस्तर में देखने को मिल रहा है। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधिगण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।
Nav Nirman News Latest & Breaking News Updates In Hindi