रायपुर
हैदराबाद के चारमीनार के पास स्थित गुलजार हौज इलाके में रविवार सुबह हुए भीषण अग्निकांड को लेकर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मृतकों के प्रति संवेदना और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।
सीएम विष्णुदेव साय ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, हैदराबाद के चारमीनार के निकट हुए भीषण अग्निकांड में 17 लोगों की असमायिक मृत्यु और कई लोगों के घायल होने का हृदयविदारक समाचार प्राप्त हुआ है। मैं उन सभी दिवंगत आत्माओं के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें। साथ ही इस हादसे में घायल हुए सभी लोगों के शीघ्र और पूर्ण स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
बता दें कि यह हादसा गुलजार हौज इलाके में एक रिहायशी और व्यावसायिक उपयोग वाली इमारत में हुआ, जहां आग लगने से 17 लोगों की मौत हो गई और 10 से अधिक लोग घायल हुए हैं। मृतकों में आठ बच्चे और पांच महिलाएं भी शामिल हैं। यह हादसा हाल के वर्षों में हैदराबाद की सबसे बड़ी त्रासदियों में गिना जा रहा है।
Nav Nirman News Latest & Breaking News Updates In Hindi