बिलासपुर.
बिलासपुर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के सहायक लोको पायलट स्नेह सिंह बघेल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित किया गया है। रेलवे में कार्यरत यह प्रतिष्ठित निमंत्रण बघेल की वंदे भारत ट्रेन टीम के एक प्रमुख सदस्य के रूप में सेवा और समर्पण के लिए मिलने की बात कही जा रही है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा संचालित वंदे भारत ट्रेन बिलासपुर और नागपुर के बीच अपनी कनेक्टिविटी के लिए प्रसिद्ध है।
अपनी गति क्षमताओं और एयरलाइन जैसी सुविधाओं, स्वचालित दरवाज़े, सेंसर-आधारित नल और पूरी तरह से वातानुकूलित अंदरूनी हिस्सों जैसी शीर्ष सुविधाओं के साथ, वंदे भारत ट्रेन आधुनिक रेलवे परिवहन के लिए बेंचमार्क स्थापित करती है। यह ट्रेन छत्तीसगढ़ की संस्कारधानी बिलासपुर से प्रतिदिन प्रातः 6.45 बजे प्रस्थान कर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर, एजुकेशन हब दुर्ग-भिलाई, राजनांदगांव, मां बमलेश्वरी की नगरी डोंगरगढ़ तथा राइस सिटी के नाम से मशहूर गोंदिया को जोड़ते हुए 12.15 बजे नागपुर पहुंचती है। इसी प्रकार वापसी में भी नागपुर से दोपहर 14.05 बजे प्रस्थान कर सायं 19.25 बजे बिलासपुर पहुंचती है। बता दें कि सहायक लोको पायलट स्नेह सिंह बघेल को इस प्रतिष्ठित समारोह में भाग लेने का निमंत्रण न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धियों को दर्शाता है, बल्कि दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के कर्मचारियों के समर्पण को भी दिखाता है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल के अंतर्गत में गोंदिया लॉबी में कार्यरत स्नेह सिंह बघेल मिशन कर्मयोगी के तहत प्रशिक्षण प्राप्त रेलकर्मी हैं, जो 11 दिसंबर 2022 को बिलासपुर-नागपुर-बिलासपुर वंदेभारत एक्स्प्रेस शुभारंभ स्पेशल में भी चालक दल में शामिल हुए थे। महाप्रबंधक सहित दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों ने सहायक लोको पायलट स्नेह सिंह बघेल को इस उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
Nav Nirman News Latest & Breaking News Updates In Hindi