दुर्ग, 08 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘सेवा के रंग’ कार्यक्रम के तहत आज दुर्ग शहर में सेवा, राष्ट्रभाव और विकास के संदेशों को रंगों के माध्यम से अभिव्यक्त किया गया। इस अवसर पर रवि शंकर स्टेडियम के समीप स्थित बैडमिंटन कोर्ट में कुशल कलाकारों द्वारा आकर्षक एवं भव्य रंगोली का निर्माण किया गया।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज इस भव्य रंगोली का अवलोकन किया। उन्होंने कलाकारों से मुलाकात कर उनके द्वारा किए गए रचनात्मक प्रयासों की सराहना की तथा उनका उत्साहवर्धन किया। निर्मित रंगोली में ‘ऑपरेशन सिंदूर’, ‘विकसित भारत@2047’, ‘आत्मनिर्भर भारत’ सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं राष्ट्रीय महत्व के विषयों को कलात्मक रूप से उकेरा गया है। रंगोली के माध्यम से राष्ट्रभक्ति, सेवा भावना, विकास और जनकल्याण का संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि ‘सेवा के रंग’ जैसे रचनात्मक आयोजनों के माध्यम से सेवा, राष्ट्रभावना और विकास के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का सार्थक प्रयास किया जा रहा है। कलाकारों ने अपनी कला के माध्यम से सामाजिक सरोकार और राष्ट्र के विकास की परिकल्पना को सुंदर स्वरूप प्रदान किया है।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, जिले के प्रशासनिक अधिकारियों, कलाकारों एवं नागरिकों ने भी रंगोली का अवलोकन किया और कलाकारों के रचनात्मक प्रयासों की सराहना की।
::000::
Nav Nirman News Latest & Breaking News Updates In Hindi