रायपुर. 2 नवम्बर 2026. उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने आज बिलासपुर के पुलिस परेड मैदान में जिला स्तरीय राज्योत्सव का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि श्री साव ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि सशक्त नारियों और हुनरमंद युवाओं की भागीदारी से विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प साकार होगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार जनकल्याण, अधोसंरचना विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए तेजी से काम कर रही है।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी को नमन किया। उन्होंने कहा कि अटल जी ने छत्तीसगढ़ के लोगों की भावनाओं और कठिनाइयों को समझकर पृथक राज्य की सौगात दी। धन-धान्य, वन और खनिज संपदा से समृद्ध छत्तीसगढ़ को अलग पहचान दिलाने वाले अटल जी सदैव यहां के लोगों के हृदय में बसे रहेंगे। उनके सपनों के अनुरूप समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
श्री साव ने कहा कि राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ सरकार की प्राथमिकताओं को अभिव्यक्त करती है। महतारी वंदन योजना और बिहान के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। युवाओं की शिक्षा और कौशल विकास के लिए नए संस्थान प्रारंभ किए जा रहे हैं। फैशन डिजाइनिंग जैसे क्षेत्रों में भी अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। प्रत्येक जिले में नालंदा परिसर के निर्माण से युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने की पहल की गई है। यहां के युवा अपनी प्रतिभा से राष्ट्रीय स्तर पर परचम लहरा रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। खेल अलंकरण सम्मान पुनः शुरू किया गया है। पहली बार आयोजित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में सुदूर गांवों के बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। उन्होंने मैनपाट की टीम के कक्षा ग्यारहवीं के खिलाड़ी मोहित के प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के युवा भी अपनी प्रतिभा से टीम को जीत दिला रहे हैं। बहतराई खेल प्रशिक्षण केंद्र की दो बेटियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी लगातार प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं और सरकार उन्हें आगे बढ़ने के लिए सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।
श्री साव ने कहा कि सरकार मोदी की गारंटियों को पूरा करते हुए विकास कार्यों को गति दे रही है। बिलासपुर में बड़ी संख्या में सड़कों की स्वीकृति मिली है और अधोसंरचना का विस्तार हो रहा है। प्रदेश की बेहतर औद्योगिक नीति के कारण देश-दुनिया के निवेशक छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए रुचि दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले छत्तीसगढ़ की चर्चा नक्सलवाद के कारण होती थी। अब नक्सलवाद के विरुद्ध मिल रही सफलता से विकास के नए रास्ते खुल रहे हैं। छत्तीसगढ़ और अधिक खुशहाल तथा समृद्ध बनेगा।
महापौर श्रीमती पूजा विधानी ने अपने संबोधन में कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ को पृथक राज्य और विशिष्ट पहचान दी। राज्य गठन के बाद छत्तीसगढ़ ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में विकास कार्यों को गति मिली है और प्रदेश विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने व्यसनमुक्ति और समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान के लिए स्वाति दीदी को सम्मानित किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं, उपलब्धियों और नवाचारों की जानकारी भी ली। समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनका दर्शकों ने देर रात तक आनंद उठाया।
इस अवसर पर विधायक श्री सुशांत शुक्ला, जिला पंचायत के अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष श्री राजा पाण्डेय, सहकारी बैंक के अध्यक्ष श्री रजनीश सिंह, संभागायुक्त श्री सुनील जैन, पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग, मुख्य वन संरक्षक श्री मनोज पांडे, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, नगर निगम के सभापति श्री विनोद सोनी, श्री दीपक सिंह ठाकुर और श्री मोहित जायसवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित थे।
Nav Nirman News Latest & Breaking News Updates In Hindi