नई दिल्ली । दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी और आम आदमी पार्टी (आप) के नेता राघव चड्ढा ने तिहाड़ जेल में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की। इसके बाद आतिशी ने कहा कि सीएम ने विधायकों को निर्देश दिया है कि पानी संकट के बीच जनता के बीच रहना है। जल मंत्री आतिशी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल से उनसे भीषण गर्मी के बीच बिजली और पानी की स्थिति के बारे में पूछा। आतिशी ने कहा उन्होंने कहा है कि जो भी कदम उठाने की जरूरत है, वह उठाए जाएं। विधायकों को अपने इलाकों में जाकर समस्या का समाधान करने की हिदायत दी है। माना जा रहा है कि ये मुलाकात तिहाड़ जेल के आगंतुक कक्ष (मुलाकाती जांगला) में हुई। मुलाकात से पहले आतिशी ने कहा कि दिल्ली में पानी किल्लत बढ़ती जा रही है। बीजेपी राजनीति कर रही है। ये हमें समझना पड़ेगा कि दिल्ली में जो भी पानी सप्लाई होता है वो यमुना से आता है। वजीराबाद प्लांट में जो पानी आता है वो मुनक नहर से आता है। अब अगर हरियाणा पीछे से पानी नहीं छोड़ेगा तो दिल्ली के सारे वाटर ट्रीटमेंट प्लांट काम करना कम कर देंगे। अरविंद केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली आबकारी नीति मामले में 21 मार्च को गिरफ्तार किया था। इसके बाद उन्हें सुप्रीम कोर्ट ने 10 मई को लोकसभा चुनाव प्रचार के लिए अंतरिम जमानत दी। 21 दिनों की अंतरिम जमानत के बाद सीएम केजरीवाल ने 2 जून को तिहाड़ जेल में सरेंडर किया। आतिशी के पहले पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल से तिहाड़ जेल में मुलाकात की थी। दोनों नेताओं ने हाल में हुए लोकसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन पर चर्चा की। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि बैठक के दौरान दिल्ली के मुख्यमंत्री की पत्नी सुनीता केजरीवाल भी मौजूद थीं।
Nav Nirman News Latest & Breaking News Updates In Hindi