दिल्ली के चांदनी चौक स्थित मारवाड़ी कटरा, नई सड़क पर गुरुवार को भीषण आग लग गई। सूचना मिलने पर दमकल की 14 गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। दमकलकर्मी आग पर काबू पाने में जुटे हुए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर आस-पास की कई इमारतों को खाली करा लिया गया है। बता दें कि यहां मार्केट होने के कारण हर वक्त काफी भीड़ रहती है। घटना के बाद से यहां अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने फिलहाल आग लगने के कारणों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। गनीमत रही कि वक्त रहते लोग इमारतों से निकल गए। फिलहाल किसी प्रकार के जान माल की हानि की सूचना भी सामने नहीं आई है। आग के धुंए से आस-पास के इलाके में लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। वहीं संकरी गलियां होने के कारण दमकल कर्मियों को कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ रहा है। ऊपर से इलाके में सड़क के दोनों ओर तारों का चाल फैला हुआ है, इसके कारण भी वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में देरी हो रही है।
Nav Nirman News Latest & Breaking News Updates In Hindi