कोंडागांव: छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता और उसकी 10 वर्षीय बेटी की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं परिवार के दो अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए. यह हादसा फरसगांव थाना क्षेत्र के माझीआठगांव के पास दोपहर करीब 3:30 बजे हुआ. बताया जा रहा कि यह हादसा खराब सड़क के कारण हुआ है.
जानकारी के अनुसार, जीवन नेताम अपनी बेटी अंबिका नेताम (10), पत्नी हिमानी नेताम और रिश्तेदार रजनती के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने बाइक से फरसगांव से केशकाल की ओर जा रहे थे. इसी दौरान माझीआठगांव के पास सड़क पर गड्ढों के कारण उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और विपरीत दिशा से आ रही कार से जोरदार टक्कर हो गई.
टक्कर इतनी भीषण थी कि जीवन नेताम और उनकी बेटी अंबिका नेताम की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं हिमानी नेताम और रजनती गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तत्काल 108 एंबुलेंस के जरिए कोंडागांव जिला अस्पताल रेफर किया गया. हादसे की सूचना मिलते ही फरसगांव पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्च्युरी भेजा. पुलिस घटना की जांच में जुटी है.
खराब सड़कों के कारण आए दिन हो रहे हादसे
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर लंबे समय से सड़कों की हालत बेहद खराब है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती है. सड़क की बदहाल स्थिति के कारण ही आज पिता और बेटी की मौत हो गई.
Nav Nirman News Latest & Breaking News Updates In Hindi